रामकुमार सैनी बने लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के हरियाणा प्रदेश प्रधान महासचिव
प्रदेश मीडिया प्रभारी का भी सौंपा गया अतिरिक्त दायित्व
सिटी फर्स्ट न्यूज़, हांसी: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने संगठन में महत्वपूर्ण नियुक्ति करते हुए हांसी निवासी रामकुमार सैनी को हरियाणा प्रदेश का प्रधान महासचिव नियुक्त किया है। इसके साथ ही उन्हें प्रदेश के मीडिया प्रभारी का अतिरिक्त उत्तरदायित्व भी सौंपा गया है।
अपनी नियुक्ति पर रामकुमार सैनी ने प्रदेश अध्यक्ष प्रवीण सभरवाल तथा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान सहित केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे वह पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निभाएंगे।
रामकुमार सैनी तात्कालिक केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी के संस्थापक स्वर्गीय रामविलास पासवान के पुराने सहयोगी एवं कार्यकर्ता रहे हैं। पार्टी संगठन से लंबे समय से जुड़े रहने के कारण उन्हें हरियाणा में संगठन की जिम्मेदारी दी गई है।
नवनियुक्त प्रदेश प्रधान महासचिव रामकुमार सैनी ने कहा कि गरीब और वंचित लोगों की आवाज उठाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि समाज के जरूरतमंद वर्गों की समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाने के लिए वह लगातार प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार में एनडीए के सहयोगी दल के रूप में देश और प्रदेश की उन्नति के लिए लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की नीतियों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। साथ ही पार्टी संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय रूप से जोड़ने के लिए भी कार्य किया जाएगा।
रामकुमार सैनी की नियुक्ति के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उन्हें बधाई दी तथा नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

