व्यापारी नेता प्रवीण तायल की जमानत मंजूर, आज शाम तक जेल से आ सकते हैं बाहर

जमीन धोखाधड़ी व फर्जी दस्तावेज मामले में हांसी कोर्ट का फैसला

सिटी फर्स्ट न्यूज़, हांसी: जमीन धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेज तैयार करने के मामले में न्यायिक हिरासत में चल रहे व्यापारी नेता प्रवीण तायल को हांसी कोर्ट से राहत मिली है। अदालत ने उनकी जमानत याचिका मंजूर कर ली है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार को प्रवीण तायल की जमानत याचिका पर अदालत में दोनों पक्षों की बहस पूरी हुई थी। इसके बाद कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रखते हुए बुधवार को फैसला सुनाने की बात कही थी।

प्रवीण तायल के वकील  प्रवीण मित्तल ने बताया की बुधवार को अदालत ने मामले में सुनवाई करते हुए प्रवीण तायल की जमानत मंजूर कर दी। जमानत की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उन्हें जेल से रिहा किया जाएगा। जानकारी के मुताबिक, आज शाम तक उनके जेल से बाहर आने की संभावना है।

गौरतलब है कि प्रवीण तायल को जमीन धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और उनका इस्तेमाल करने के आरोपों से जुड़े मामले में हांसी पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पुलिस ने अदालत से तीन दिन का रिमांड मांगा था, लेकिन पुलिस रिमांड नहीं मिलने के बाद अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।

मामले की जांच CIA-1 हांसी द्वारा की जा रही है। पुलिस जमीन के रिकॉर्ड, संबंधित दस्तावेजों और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

फिलहाल अदालत द्वारा जमानत मंजूर किए जाने के बाद प्रवीण तायल के जेल से बाहर आने का रास्ता साफ हो गया है। रिहाई के लिए आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *