हांसी में दुकान के ऊपर बने स्टोर में लगी आग, मची अफरा-तफरी!
सिटी फर्स्ट न्यूज़,हांसी : लाल सड़क पर शनिवार सुबह किराना की दुकान के ऊपर बने स्टोर में आग लगने से करीब 60 से 70 हजार रुपए का सामान जल गया। स्टोर में जाने का रास्ता नहीं होने के कारण फायर कर्मियों को दीवार तोड़कर आग बुझानी पड़ी। गनीमत रही कि आग मुख्य दुकान और आसपास की दुकानों तक नहीं पहुंची। सड़क पर खड़े वाहनों और छोटी फायर गाड़ी की कमी के कारण टीम को मौके पर पहुंचने में भी देरी हुई। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। गनीमत रही कि आग नीचे मुख्य दुकान तक नहीं पहुंची और आसपास की दुकानों को भी नुकसान से बचा लिया गया। लाल सड़क पर करीब 30 वर्षों से दुकान चला रहे सतीश ग्रोवर ने बताया कि शनिवार सुबह वह घर पर थे। इसी दौरान पड़ोसी दुकानदारों ने फोन कर सूचना दी कि उनकी दुकान के ऊपर बने स्टोर से धुआं निकल रहा है।
वह तुरंत दुकान पर पहुंचे और स्टोर खोलने की कोशिश की, लेकिन अंदर से आग की तेज तपन महसूस हुई। इसके बाद उन्होंने नीचे दुकान में बने रोशनदान के जरिए सबमर्सिबल की पाइप चलाकर पानी का छिड़काव किया और फायर विभाग को सूचना दी। फायर की गाड़ी पहुंचने तक वह खुद भी आग बुझाने में जुटे रहे।
फायर विभाग के अनुसार, सुबह करीब नौ बजे डायल 112 के माध्यम से आग लगने की सूचना मिली थी। फायर कर्मी जसवीर सिंह, सुरेंद्र खटक और सुनील कुमार मौके पर पहुंचे। स्टोर में प्रवेश का सीधा रास्ता नहीं होने के कारण दीवार तोड़कर अंदर पहुंचना पड़ा। इसके बाद पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया गया। फायर कर्मियों ने जलने से बचे सामान को सुरक्षित बाहर निकाला।
सतीश ग्रोवर ने बताया कि दुकान का मेन स्विच भी बंद था। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, 60 से 70 हजार रुपए का सामान खराब हुआ है।

