हांसी में चार ट्रेनों को मिला ठहराव, कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा व विधायक विनोद भयाना ने किया शुभारंभ
कैबिनेट मंत्री ने विधायक विनोद भयाना की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयासरत रहते हैं। उनकी सोच है कि हांसी क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिले और लोगों को अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि सरकार का निरंतर प्रयास है कि नागरिकों को उनके क्षेत्र में ही बेहतर परिवहन सुविधाएं मिलें।
विधायक विनोद भयाना ने कहा कि हांसी में इन ट्रेनों के ठहराव की मांग क्षेत्र के लोगों द्वारा लंबे समय से की जा रही थी। उन्होंने इस मांग को रेलवे के उच्चाधिकारियों के समक्ष लगातार उठाया, जिसके सकारात्मक परिणामस्वरूप हांसी को यह सुविधा मिली है। उन्होंने कहा कि इस कार्य में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का भी सहयोग रहा है। उन्होंने रेलवे मंत्रालय तथा संबंधित अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
विधायक ने बताया कि उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा ट्रेन नंबर 14619/14620 फिरोजपुर- अगरतला एक्सप्रेस तथा 14717/14718 बीकानेर-हरिद्वार-बीकानेर एक्सप्रेस का हांसी रेलवे स्टेशन पर अल्प ठहराव निर्धारित किया गया है। इन ट्रेनों से यात्रियों को हिसार, भिवानी, बीकानेर, हरिद्वार, फिरोजपुर सहित कई प्रमुख शहरों तक आवागमन में सुविधा मिलेगी।
विधायक विनोद भयाना ने रेलवे अधिकारियों से गोरखपुर धाम एक्सप्रेस का ठहराव भी हांसी रेलवे स्टेशन पर करवाने का अनुरोध किया, ताकि यात्रियों को रेल यात्रा की और अधिक सुविधा मिल सके। उन्होंने बताया कि करीब 18 करोड़ रुपये की लागत से हांसी रेलवे स्टेशन के नवीनीकरण का कार्य भी निरंतर जारी है। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्य की गति तेज करते हुए इसे जल्द पूरा करवाने के निर्देश देने का अनुरोध किया।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक सैनी,राजपाल यादव, सुरजीत गुर्जर, विनोद भयाना के राजनीतिक सलाहकार दिनेश भूटानी, सुखविंदर जाखड़, धर्मवीर रतेरिया ,विनोद सैनी, पवन शर्मा, बख्शी ठकराल, राजेश धमाणा, सुभाष यादव, सोनू जांगड़ा, राजमल वर्मा, विजय फौजी , अशोक ढालिया, तनुज खुराना, श्याम खांडा रेलवे मंत्रालय की ओर से एडीआरएम राजेंद्र चौधरी, सीपीआरओ अमित सुदर्शन, सीनियर डीसीएम वीरेंद्र जोशी, डीडी फुलवारी सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

