सुरक्षा से समृद्धि तक, मोदी सरकार ने बदली देश की दिशा और दशा : मनीष ग्रोवर
मनीष ग्रोवर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत ने सुरक्षा, सुशासन, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश ने आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक नीति अपनाई। सीमाओं की सुरक्षा मजबूत हुई, जवानों का मनोबल बढ़ा और जम्मू-कश्मीर में धारा 370 व 35-ए हटाकर एक देश, एक संविधान की भावना को साकार किया गया। श्रीनगर के लाल चौक पर तिरंगा फहराना, राम मंदिर निर्माण, तीन तलाक पर रोक और वक्फ व्यवस्था में सुधार जैसे कदम देश के सामाजिक एवं राष्ट्रीय जीवन में महत्वपूर्ण परिवर्तन के प्रतीक हैं।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने गरीब और सामान्य परिवारों के जीवन को सीधे प्रभावित करने वाली अनेक योजनाएं शुरू कीं। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से करोड़ों परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा, प्रधानमंत्री जनधन योजना से बैंकिंग व्यवस्था को आमजन तक पहुंचाने, प्रधानमंत्री आवास योजना से गरीबों को पक्का घर, जल जीवन मिशन—हर घर जल, उज्ज्वला योजना से महिलाओं को धुएं से मुक्ति तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से पात्र किसानों को प्रतिवर्ष ₹6,000 की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई।
मनीष ग्रोवर ने कहा कि GST के माध्यम से एक देश, एक टैक्स की व्यवस्था लागू हुई। मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया और वोकल फॉर लोकल जैसे अभियानों ने भारत को आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाया। देश में आधुनिक वंदे भारत ट्रेनें, नया संसद भवन और तेजी से विकसित होता डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर नए भारत की तस्वीर प्रस्तुत करते हैं। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ और नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से महिलाओं की भागीदारी और सशक्तिकरण को नई दिशा मिली है, जिसमें लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने कहा कि भारत का बढ़ता वैश्विक प्रभाव आज पूरी दुनिया में दिखाई दे रहा है। विदेशों में भारतीयों के सम्मान और भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा ने यह साबित किया है कि देश अब आत्मविश्वास के साथ दुनिया का नेतृत्व करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
हरियाणा में भाजपा सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि “बिना पर्ची, बिना खर्ची” पारदर्शी व्यवस्था को मजबूत किया गया है। पोर्टल आधारित सेवाओं से सरकारी योजनाओं का लाभ सरलता से जनता तक पहुंचा है। प्रदेश में सड़क, रेल, उद्योग, स्वास्थ्य और सिंचाई के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। रोहतक-हांसी रेलवे लाइन, 152-D से जुड़े विकास कार्य, आईएमटी, मेडिकल कॉलेजों तथा दक्षिण हरियाणा में नहरी पानी जैसी परियोजनाएं प्रदेश के विकास को नई गति दे रही हैं।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान
उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाला सेवा संकल्प अभियान भाजपा के कार्यकर्ताओं को सेवा और जनसंपर्क के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का अवसर देगा। अभियान के दौरान केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने, योजनाओं से वंचित जरूरतमंद लोगों की पहचान करने तथा उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता गरीब, जरूरतमंद, महिलाओं, किसानों, युवाओं, बुजुर्गों और वंचित वर्गों से संपर्क कर उनकी समस्याओं को समझेंगे और संभव सहयोग व सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास करेंगे। यही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के संकल्प को धरातल पर उतारने का माध्यम है।
मनीष ग्रोवर ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल उपलब्धियां बताने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सेवा सेतु अभियान के तहत जिले के सभी जरूरतमंदों तक पहुंचने का अभियान बनेगा। पार्टी का कार्यकर्ता जिले में लगने वाले ब्लॉक स्तर पर लगने वाले “सरकार आपके द्वार “कार्यक्रमों प्रत्येक बूथ, गांव और परिवार तक पहुंचकर सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
प्रेस वार्ता में ज़िला प्रभारी प्रतिभा सुमन, ज़िला महामंत्री धर्मवीर रतेरिया, ज़िला परिषद् चेयरमैन सोनू डाटा, पूर्व चेयरमैन राजपाल यादव, जिला IT प्रमुख पुनीत मदान, जिला मीडिया प्रमुख विक्रम चोपड़ा, सह प्रमुख कपिल गुराना उपस्थित रहें ।

