23 सितंबर को हांसी में होगा शहीद राव तुलाराम चौक का उद्घाटन, विशाल तिरंगे के साथ प्रतिमा का होगा अनावरण
सिटी फर्स्ट न्यूज़, हांसी। शहीद राव तुलाराम की वीरता, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को नमन करने के लिए 23 सितंबर को हांसी में भव्य शहीदी दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। यादव सभा हांसी की ओर से आयोजित इस समारोह में शहीद राव तुलाराम चौक का उद्घाटन, विशाल तिरंगा फहराने और शहीद राव तुलाराम की विशाल प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। समारोह को लेकर यादव सभा ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
समारोह में प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के कई प्रमुख जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। 23 सितंबर को सुबह 10 बजे आयोजित होने वाले कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, स्वास्थ्य मंत्री आरती राव और सांसद चौधरी धर्मवीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता हांसी विधायक विनोद भ्याना करेंगे।
समारोह को लेकर यादव सभा के पदाधिकारी जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों को लगातार निमंत्रण दे रहे हैं। इसी कड़ी में यादव सभा हांसी के अध्यक्ष ओम प्रकाश यादव, एल.एन. यादव और रामेहर यादव ने स्वास्थ्य मंत्री आरती राव से मुलाकात कर उन्हें समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
इस दौरान भाजपा विधायक विनोद भ्याना, अखिल भारतीय यादव महासभा अहीर के प्रदेश अध्यक्ष धर्म पाल यादव, राजपाल यादव पूर्व चेयरमैन, पूर्व पार्षद कुलबीर अहलावत, पूर्व जिला पार्षद कुलदीप यादव, यादव सभा झज्जर के प्रधान वीरेंद्र दरोगा और उपप्रधान महेंद्र यादव सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
समारोह को लेकर आयोजकों में उत्साह है और इसे भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।

