हांसी में जीजा ने सालों पर की फायरिंग, बहन से मारपीट के बाद पहुंचे थे भाई

सिटी फर्स्ट न्यूज़ :हांसी में मंगलवार को एक जीजा ने अपने दो सालों पर फायरिंग कर दी। दोनों ने किसी तरह भागकर जान बचाई। बहन से मारपीट की सूचना मिलने के बाद दोनों भाई उसकी ससुराल पहुंचे थे। घटना की सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जसवीर ने बताया कि उसकी बहन सरोज की शादी करीब 16 साल पहले बासगांव निवासी बारू से हुई थी। फिलहाल उसकी बहन हांसी के न्यू मॉडल टाउन में रह रही है। शादी के शुरुआती 10 साल तक सब ठीक रहा। इसके बाद उसका जीजा नशा करने लगा और आए दिन सरोज के साथ मारपीट करने लगा।  जसवीर ने बताया कि मंगलवार को सरोज ने फोन कर बताया कि बारू उसके साथ मारपीट कर रहा है। इसके बाद वह अपने भाई के साथ हांसी के न्यू मॉडल टाउन पहुंचा। जैसे ही वे घर के पास पहुंचे, उनका जीजा बारू दरवाजे पर खड़ा था। उन्हें देखते ही उसने फायरिंग शुरू कर दी।

 

जसवीर ने बताया कि फायरिंग होते ही दोनों भाई वहां से भाग निकले और अपनी जान बचाई। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक हंगामा रहा। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फायरिंग में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। आरोपी मौके से फरार हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *