हरियाणा में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल पर सरकार सख्त, 5 सितंबर तक ड्यूटी ज्वाइन करने के निर्देश
सिटी फर्स्ट न्यूज़, चंडीगढ़ : हरियाणा में सफाई कर्मचारियों की लगातार जारी हड़ताल को लेकर सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने प्रदेश के नगर निगम आयुक्तों और जिला नगर आयुक्तों को आदेश जारी कर हड़ताल पर चल रहे सफाई कर्मचारियों और सीवरमैन को 5 सितंबर तक ड्यूटी पर लौटने के निर्देश दिए हैं।
विभाग ने सफाई कार्य को Essential Service (अत्यावश्यक सेवा) बताते हुए शहरी क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। आदेशों में कहा गया है कि आमजन को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और सफाई व्यवस्था प्रभावित न होने दी जाए।
जानकारी के अनुसार, 6 अगस्त से कई सफाई कर्मचारी और सीवरमैन लगातार ड्यूटी से अनुपस्थित चल रहे हैं। हड़ताल के दौरान सफाई उपकरणों और मशीनरी को नुकसान पहुंचाने के आरोप भी सामने आए हैं। इस संबंध में कुछ हड़ताली कर्मचारियों के खिलाफ FIR दर्ज किए जाने की भी बात कही गई है।
सरकार ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि निर्धारित समय तक ड्यूटी पर वापस नहीं लौटने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई की जा सकती है।
विभागीय आदेश में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के 18 अगस्त के आदेश का भी हवाला दिया गया है। नगर निगम आयुक्तों और जिला नगर आयुक्तों को निर्देश दिए गए हैं कि सरकार द्वारा जारी आदेशों की कड़ाई से पालना सुनिश्चित की जाए और सफाई व्यवस्था को किसी भी स्थिति में बाधित न होने दिया जाए।

