हांसी में कांग्रेस विधायक जस्सी पेटवाड़ का सरकार पर तीखा हमला, बोले—‘बिना पर्ची-खर्ची’ का दावा सिर्फ प्रचार

हांसी में कांग्रेस विधायक जस्सी पेटवाड़ का सरकार पर तीखा हमला, बोले—‘बिना पर्ची-खर्ची’ का दावा सिर्फ प्रचार

सिटी फर्स्ट न्यूज़, हांसी : नारनौंद से कांग्रेस विधायक जस्सी पेटवाड़ ने हांसी विश्रामगृह में पत्रकार वार्ता कर प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया, सफाई कर्मचारियों की नियमित नियुक्ति, कथित घोटालों, विपक्षी विधायकों की विकास ग्रांट और प्रदेश में बढ़ते अपराध सहित कई मुद्दों पर सरकार को घेरा।

विधायक जस्सी पेटवाड़ ने भाजपा सरकार के ‘बिना पर्ची-बिना खर्ची’ के दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि कांग्रेस सरकार के समय भर्तियों में पर्ची-खर्ची चलती थी तो भाजपा सरकार उन मामलों में केस दर्ज कर कार्रवाई करे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय हुई भर्तियों में भाजपा सरकार आज तक कोई बड़ी कमी साबित नहीं कर पाई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में एचपीएससी और हरियाणा कौशल रोजगार निगम से जुड़े मामलों को लेकर गंभीर सवाल उठे हैं। पेटवाड़ ने कथित घोटालों की लंबी सूची होने का दावा करते हुए कहा कि इसमें शराब, रजिस्ट्री, दवा खरीद, शुगर मिल, नगर निगम और भर्ती से जुड़े कई मामले शामिल हैं।

सफाई कर्मचारियों को पक्का करने की मांग

जस्सी पेटवाड़ ने सफाई कर्मचारियों के मुद्दे पर कहा कि कांग्रेस पार्टी सफाई कर्मचारियों के साथ पूरी तरह खड़ी है। उन्होंने सरकार से मांग की कि हरियाणा में जिस कच्चे कर्मचारी को तीन साल पूरे हो चुके हैं, उसे तुरंत पक्का किया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कोर्ट का बहाना बनाकर कर्मचारियों का शोषण कर रही है।

विपक्षी विधायकों की ग्रांट रोकने का लगाया आरोप

विधायक ने कहा कि विपक्ष के विधायकों के साथ सरकार भेदभाव कर रही है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2024 में उनके द्वारा दी गई विकास संबंधी ग्रांट का पैसा आज तक धरातल पर नहीं लगाया गया। उन्होंने एचआरडीएफ के तहत विधायकों को मिलने वाली राशि को लेकर भी सरकार से जवाब मांगा।

हांसी में मेडिकल कॉलेज की मांग

जस्सी पेटवाड़ ने कहा कि हांसी नया जिला बन चुका है और सरकार की घोषणा के अनुसार हर जिले में मेडिकल कॉलेज होना चाहिए। उन्होंने हांसी में मेडिकल कॉलेज बनाने की मांग विधानसभा में उठाने की बात कही। इसके अलावा नारनौंद क्षेत्र में बाढ़ से क्षतिग्रस्त खालों की मरम्मत के लिए करोड़ों रुपये की मांग किए जाने की जानकारी भी दी।उन्होंने बिजली विभाग में एस्टीमेट के नाम पर आम जनता की जेब पर पड़ रहे कथित बोझ को बंद करने की मांग की।

विधानसभा में सत्ता पक्ष के व्यवहार पर भी साधा निशाना

कांग्रेस विधायक ने आरोप लगाया कि विधानसभा में विपक्ष की आवाज दबाई जा रही है और विपक्षी विधायकों के माइक्रोफोन तक बंद कर दिए जाते हैं। उन्होंने सत्ता पक्ष के कुछ नेताओं पर विपक्षी विधायकों के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा और धमकी देने का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे विधानसभा की गरिमा को नुकसान पहुंचता है।

कैप्टन अभिमन्यु के बयान पर पलटवार

अपने विधानसभा क्षेत्र से जुड़े सवालों पर जस्सी पेटवाड़ ने भाजपा नेता कैप्टन अभिमन्यु के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि “चानौत में पानी मांगने गया हूं तो वह भी हमारा गांव है, हांसी मेरा है, हिसार मेरा है और पूरा हरियाणा मेरा है।”

उन्होंने कहा कि जहां भी भाजपा सरकार के खिलाफ जनता की आवाज उठाने की जरूरत होगी, वह वहां जाएंगे। खांडाखेड़ी से नारनौंद सड़क को लेकर उन्होंने कहा कि सड़क ₹1.5 करोड़ की लागत से मंजूर हो चुकी है और बरसात के बाद इसका निर्माण शुरू होगा।

मुख्यमंत्री नायब सैनी के पंजाब दौरे पर कटाक्ष

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के पंजाब दौरे पर भी जस्सी पेटवाड़ ने कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पंजाब को अपराध और नशामुक्त करने की बात कर रहे हैं, जबकि हरियाणा में अपराध की स्थिति चिंताजनक है।उन्होंने विधानसभा में सरकार द्वारा दिए गए आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया कि प्रदेश में 80 से अधिक गैंग सक्रिय हैं, रोजाना छह से अधिक हत्याएं और 50 से ज्यादा अपहरण तथा फिरौती से जुड़े मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से पहले हरियाणा की कानून-व्यवस्था संभालने की मांग की।

अंत में जस्सी पेटवाड़ ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश के कर्मचारियों, किसानों, युवाओं और आम जनता से जुड़े मुद्दों को विधानसभा से लेकर सड़क तक मजबूती से उठाती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *