हांसी में गो-रक्षक दल बताकर पशु व्यापारियों को अगवा करने का आरोप
स्कार्पियो सवारों ने आईसर रुकवाकर तीन व्यापारियों से की मारपीट, मोबाइल छीने; भिवानी-लोहारू रोड पर छोड़कर दी जान से मारने की धमकी
सिटी फर्स्ट न्यूज़: हांसी, 7 सितंबर।
गांव ढाणा के पास सोमवार देर रात खुद को गो-रक्षक दल का सदस्य बताने वाले स्कार्पियो सवार लोगों पर भैंस व्यापारियों को अगवा करने, मारपीट करने और उनकी आईसर में लदी 6 भैंस व 6 बच्चों समेत 12 पशु ले जाने का आरोप लगा है। आरोपितों ने कथित तौर पर व्यापारियों के मोबाइल फोन भी छीन लिए और तीनों को भिवानी-लोहारू रोड पर सुनसान स्थान पर छोड़कर पुलिस को सूचना देने पर जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस को दी शिकायत में उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी संजय ने बताया कि वह भैंसों का व्यापार करता है। वह अपने पार्टनर वसीम और चालक बलकर्ण सिंह के साथ राजस्थान के रोडावाली, हनुमानगढ़ से 6 भैंस और उनके 6 बच्चों को आईसर में लादकर गाजियाबाद जा रहा था।
शिकायत के मुताबिक रात करीब साढ़े 12 बजे गांव ढाणा के पास पीछे से आई काले रंग की स्कार्पियो ने आईसर के आगे गाड़ी लगाकर रास्ता रोक लिया। आरोप है कि स्कार्पियो से 3-4 युवक डंडे लेकर उतरे और खुद को गो-रक्षक दल का सदस्य बताते हुए गाड़ी की जांच करने लगे। इसके बाद आरोपितों ने आधार कार्ड दिखाने को कहा।
संजय के अनुसार आधार कार्ड मोबाइल में होने की बात कहने पर आरोपितों ने मोबाइल मांगे और कथित तौर पर उसके व चालक के मोबाइल छीन लिए। इसके बाद वसीम को भी आईसर से नीचे उतार लिया गया। आरोप है कि तीनों व्यापारियों ने विरोध किया तो उनके साथ थप्पड़-मुक्कों से मारपीट की गई और जबरन स्कार्पियो में बैठा लिया गया।
आरोप है कि तीन युवक आईसर में बैठकर 6 भैंसों और उनके 6 बच्चों समेत वाहन को अपने साथ ले गए, जबकि स्कार्पियो में सवार लोग तीनों व्यापारियों को भिवानी की तरफ ले गए। बाद में भिवानी-लोहारू रोड पर बालाजी कॉलेज के पास सुनसान जगह पर राजबाहा के नजदीक तीनों को उतार दिया गया।
व्यापारियों का आरोप है कि वहां उन्हें धमकी दी गई कि पुलिस या किसी अन्य व्यक्ति को घटना के बारे में बताया तो जान से मार दिया जाएगा। आरोपित इसके बाद स्कार्पियो में सवार होकर फरार हो गए।
पीड़ितों ने अपनी आईसर को चेक किया तो उसमें भैंस और उनके बच्चे नहीं मिले। गाड़ी की चाबी केबिन में लगी हुई थी, जबकि सीट के नीचे वसीम का मोबाइल फोन मिल गया। इसी फोन से उन्होंने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीनों को थाना सदर हांसी लेकर आई।
पुलिस ने संजय की शिकायत पर अज्ञात स्कार्पियो चालक और अन्य आरोपितों के खिलाफ अपहरण, लूट, मारपीट और जान से मारने की धमकी समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल की जांच करने के साथ आरोपितों की पहचान, पशुओं और मोबाइल फोन की बरामदगी के प्रयास कर रही है।

