हिसार में फाइनेंसरों से तंग बिजनेसमैन ने खुद को गोली मारी, डोरबेल बजी तो बोला-फिर आ गए, भाई दरवाजा खोलने गया तो पीछे से शूट किया
सिटी फर्स्ट न्यूज़: हिसार में बुधवार दोपहर इलेक्ट्रॉनिक शोरूम संचालक हैप्पी चोपड़ा (38) ने खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया। बिजनेसमैन ने घर में ही अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से सिर पर शूट किया। परिवार के अनुसार, शहर को दो फाइनेंसर लगातार परेशान कर रहे थे। छोटे भाई चरणजीत चोपड़ा ने बताया कि 3 साल पहले शोरूम में नई मंजिल बनाने के लिए फाइनेंसर से कर्ज लिया था। फाइनेंसर 1 सितंबर तक 20 लाख रुपए लौटाने का प्रेशर बना रहे थे। दो दिन से लगातार घर के चक्कर काट रहे थे। दोपहर 12ः30 बजे के करीब घर की डोरबेल बजी। इस पर हैप्पी ने कहा-वो फिर आ गए। छोटा भाई दरवाजा खोलने गया, तभी गोली चलने की आवाज आई। बेडरूम में जाकर देखा तो बड़ा भाई खून से लथपथ पड़ा था।
बिजनेस मैन की पहचान शांति नगर निवासी हैप्पी चोपड़ा (38) के रूप में हुई। वो बारह क्वार्टर रोड स्थित खालसा इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम का मालिक था। भाई चरणजीत चोपड़ा ने बताया की हैप्पी चोपड़ा ने करीब तीन साल पहले इलेक्ट्रॉनिक सामान का शोरूम शुरू किया था।
परिजनों के मुताबिक, पैसों को लेकर हैप्पी का प्रताप नगर निवासी सुरेश से लेनदेन था। सुरेश एक दिन पहले शाम को और फिर घटना वाले दिन सुबह भी हैप्पी के पास आया था। परिवार का कहना है कि करीब 20 लाख रुपए को लेकर लगातार दबाव बनाया जा रहा था, जिससे हैप्पी मानसिक रूप से परेशान था।

