कांग्रेस MLA के गांव में चलीं गोलियां, बदमाशों ने कारोबारी के घर पर की फायरिंग
सिटी फर्स्ट न्यूज़, हांसी.
हांसी जिले में कांग्रेस विधायक जस्सी पेटवाड़ के पैतृक गांव पेटवाड़ में बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग कर दहशत फैला दी। बदमाशों ने गांव के एक प्रॉपर्टी कारोबारी के घर को निशाना बनाया। वारदात के समय कारोबारी पड़ोस में हुई एक मौत पर शोक जताने गए हुए थे। घर में महिलाएं और बच्चे मौजूद थे। बाइक सवार बदमाशों ने कारोबारी का नाम लेकर आवाज लगाई। कुछ देर तक कोई बाहर नहीं आया तो उन्होंने ताबड़तोड़ फायरिंग की और फरार हो गए। गोलियों की आवाज सुनकर घर में मौजूद महिलाएं और बच्चे सहम गए। बदमाशों के जाने के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। कारोबारी भी घर लौट आए। पता चला कि बदमाशों ने घर की दीवारों और अंदर खड़ी कार पर गोलियां चलाई थीं। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पूरी वारदात घर में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने फुटेज कब्जे में ले ली है। इसके आधार पर बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पेटवाड़ निवासी उमेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शुक्रवार रात करीब सवा नौ बजे एक व्यक्ति बाइक पर सवार होकर उनके घर पहुंचा। उसने बाहर से ही उनके पिता धर्मपाल का नाम लेकर आवाज लगाई। उस समय उनके पिता पड़ोस में हुई एक मौत पर शोक व्यक्त करने गए हुए थे। इसी दौरान आरोपी ने घर के मुख्य गेट पर एक फायर किया और फिर अंदर घुसकर तीन राउंड और फायर किए। इनमें तीन गोलियां घर के अंदर खड़ी गाड़ी में जा लगीं।
उमेश के अनुसार, घटना के समय घर में उनकी पत्नी, बच्चे, भाई-भाभी, उनके बच्चे और मां मौजूद थे। आरोपी ने अपना चेहरा ढका हुआ था। पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। उमेश ने बताया कि उनकी नारनौंद अनाज मंडी में आढ़त की दुकान नंबर 10 है। उनके पिता धर्मपाल की उम्र करीब 60 वर्ष है और वे प्रॉपर्टी के कारोबार के साथ आढ़त की दुकान भी संभालते हैं। उनका कहना है कि उनकी किसी के साथ कोई कहासुनी या विवाद नहीं है।
घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम के बाद सीआईए नारनौंद और थाना प्रभारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने और फायरिंग के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

