हांसी में महात्मा ज्योतिराव फूले की 136वीं पुण्यतिथि मनाई, समाज को शिक्षा और संगठन का दिया संदेश

सिटी फर्स्ट न्यूज़, हांसी। सत्यशोधक समाज हरियाणा के तत्वावधान में शिक्षा के अग्रदूत महात्मा ज्योतिराव फूले की 136वीं पुण्यतिथि मंडी सैनियान स्थित महात्मा ज्योतिबा फूले पार्क में श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन समस्त अंबेडकरवादी समाज सभा के अध्यक्ष अभयराम आल्हाण की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में सभा संस्थापक महंत सागरनाथ का सान्निध्य रहा। महंत सागरनाथ ने ज्योत प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर महंत सागरनाथ ने महात्मा ज्योतिराव फूले के जीवन और उनके सामाजिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महात्मा फूले ने गरीबों, पिछड़ों, किसानों और दलितों के अधिकारों के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए। संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर ने महात्मा ज्योतिराव फूले को अपना गुरु माना और उनकी शिक्षाओं को आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर महात्मा फूले के विचारों के सच्चे उत्तराधिकारी थे। स्वामी दयानंद सरस्वती ने भी महात्मा फूले को अपना आदर्श मानकर समाज सुधार के अनेक कार्य किए।

कार्यक्रम में पार्षद हरिराम सैनी, पार्षद सुनील सैनी और एडवोकेट पवन ने अपने विचार रखते हुए समाज में व्याप्त विभिन्न कुरीतियों पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। शिक्षित और संगठित रहने में ही समाज का हित है। अन्य वक्ताओं ने भी महात्मा ज्योतिराव फूले को श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया।

सत्यशोधक समाज की नई कार्यकारिणी घोषित

कार्यक्रम के दौरान सत्यशोधक समाज हांसी के सरपरस्त महंत सागरनाथ ने संस्था का विस्तार करते हुए नई जिम्मेदारियों की घोषणा की। इसमें राधेश्याम सैनी को संस्था का अध्यक्ष, सुरेंद्र सैनी को उपाध्यक्ष और कुलदीप सैनीपुरा को सलाहकार मनोनीत किया गया।

नवनियुक्त अध्यक्ष राधेश्याम सैनी ने शपथ लेते हुए कहा कि वह महात्मा ज्योतिबा फूले और गुरु महंत सागरनाथ द्वारा दिखाए गए रास्ते पर चलते हुए निस्वार्थ भाव से समाज की सेवा करेंगे।

कार्यक्रम का मंच संचालन एवं सभा सचिव योगी सागरनाथ शिवांश ने किया। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।

इस अवसर पर कृष्ण यादव जिला सह संघचालक, डॉ. अभयराम आल्हाण, पार्षद हरिराम सैनी, पार्षद सुनील सैनी, एडवोकेट पवन, प्रिंसिपल अमीलाल पाली, सर्वेश सैनी, सुरेंद्र महादेव, अशोक ढाणा कलां, संदीप तहलका, मास्टर देवेंद्र सैनी, फूल सिंह पहलवान, प्रवीन पहलवान, सत्यवान, प्रदीप सैनी, बाबूलाल, पवन कुमार, कलीराम सैनी, सुभाष सैनीपुरा, जयभगवान, रामनिवास, रूपचंद सैनीपुरा सहित हांसी के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *