विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई: 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते बास थाना का सब इंस्पेक्टर गिरफ्तार
सिटी फर्स्ट न्यूज़, हिसार ।
विजिलेंस विभाग ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हांसी जिले के बास थाना में तैनात सब इंस्पेक्टर अमृत पाल को 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी सब इंस्पेक्टर पर एक मुकदमे में शिकायतकर्ता का नाम निकलवाने की एवज में 1 लाख 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है। बाद में रिश्वत की रकम 80 हजार रुपये में तय हुई थी।
मामले की जानकारी देते हुए विजिलेंस इंस्पेक्टर मनमोहन सिंह ने बताया कि उनके पास शिकायत आई थी कि बास थाना में तैनात सब इंस्पेक्टर अमृत पाल एक मुकदमे में नाम निकलवाने के बदले रिश्वत की मांग कर रहा है। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने मामले की जांच की और आरोपी को पकड़ने के लिए योजना तैयार की।
योजना के अनुसार शिकायतकर्ता ने आरोपी को हिसार के अग्रोहा मोड़ पर 80 हजार रुपये की रकम देने के लिए बुलाया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी सब इंस्पेक्टर को रिश्वत की रकम सौंपी, पहले से तैयार विजिलेंस टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
विजिलेंस विभाग की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है। मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई जारी है।

