हांसी सिलेंडर ब्लास्ट हादसे में राहत की खबर, सभी घायल खतरे से बाहर
सिटी फर्स्ट न्यूज़: हांसी, 18 नवंबर।
हांसी के शेखपुरा गांव के चादर पुल क्षेत्र में गैस सिलेंडर फटने से हुए दर्दनाक हादसे के बाद राहत भरी खबर सामने आई है। हादसे में घायल हुए पांचो व्यक्ति अब खतरे से बाहर हैं। सभी का हिसार के मलिक अस्पताल में उपचार चल रहा है। वहीं जिला प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद देने का भरोसा दिलाया है।
डीसी राहुल नरवाल के निर्देश पर एसडीएम राजेश खोथ और तहसीलदार अनिल कुमार बिढ़ान ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने हादसे में क्षतिग्रस्त हुए मकानों का जायजा लिया और संबंधित विभागों को नुकसान का विस्तृत आकलन करने के निर्देश दिए।
एसडीएम राजेश खोथ ने स्पष्ट किया कि हादसे में घायल चारों व्यक्तियों के उपचार का पूरा खर्च जिला प्रशासन की ओर से वहन किया जाएगा। उन्होंने अस्पताल में उपचाराधीन घायलों के परिजनों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और आश्वासन दिया कि प्रशासन इस मुश्किल समय में उनके साथ खड़ा है।
गौरतलब है कि 17 नवंबर को सुबह करीब 7 बजे शेखपुरा ग्राम पंचायत के अंतर्गत चादर पुल क्षेत्र में एक मकान में गैस सिलेंडर फटने से जोरदार धमाका हुआ था। धमाका इतना जबरदस्त था कि मकान की दीवारें क्षतिग्रस्त हो गईं और आसपास के तीन से चार अन्य मकानों को भी नुकसान पहुंचा। हादसे में 45 वर्षीय नवीन, सुनीता, 12 वर्षीय निखिल और छह वर्षीय मीत घायल हो गए थे। सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में बेहतर उपचार के लिए उन्हें हिसार के मलिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
प्रशासन की ओर से अब हादसे में प्रभावित मकानों और संपत्ति को हुए नुकसान का आकलन करवाया जा रहा है। अधिकारियों को जल्द रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि प्रभावित परिवारों को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जा सके।
डीसी राहुल नरवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राहत एवं सहायता कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाया है कि घायलों के उपचार से लेकर मकानों के नुकसान की भरपाई के लिए नियमानुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।

