हिसार में 5 करोड़ की फिरौती से व्यापारियों में रोष, SP से मिले पेट्रोल पंप डीलर
सिटी फर्स्ट न्यूज़,हिसार:
एसपी से मुलाकात के बाद एसोसिएशन के सदस्यों ने बताया कि आनंद गोयल के परिवारों को लगातार धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि परिवार के सदस्यों और बच्चों तक को धमकियां दिए जाने से व्यापारी चिंतित हैं। एसोसिएशन ने पुलिस जांच की गति पर सवाल उठाते हुए कहा कि अभी तक कोई ठोस प्रगति दिखाई नहीं दे रही है।
डीलर्स एसोसिएशन के अनुसार, एसपी सिद्धांत जैन ने मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया है। एसोसिएशन ने पुलिस प्रशासन को सोमवार तक का समय दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि सोमवार तक कोई ठोस नतीजा या सख्त कार्रवाई सामने नहीं आती, तो एसोसिएशन दोबारा बैठक कर कड़ा फैसला लेगी। इसकी जिम्मेदारी पुलिस-प्रशासन की होगी।
एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के मुताबिक, पुलिस ने पूछताछ के लिए 5 से 7 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। वहीं, अंतरराष्ट्रीय या फर्जी नंबरों से धमकी भरे फोन आने के मामले पर एसोसिएशन ने कहा कि पुलिस के पास अपराधियों का पता लगाने के संसाधन मौजूद हैं और जल्द कार्रवाई होनी चाहिए।
फिलहाल सभी की नजरें सोमवार पर टिकी हैं। पुलिस की जांच और कार्रवाई को देखते हुए पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन आगे की रणनीति तय करेगी। इस मोके पर एसोसिएशन के प्रधान राजकुमार सलेमगढ़,हांसी से पवन गोयल, मुकेश जैन सहित अन्य डीलर मौजूद रहे।

