आरपीएस पब्लिक स्कूल हांसी में हर्षोल्लास से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
सिटी फर्स्ट न्यूज़ हांसी। आरपीएस आरपीएस पब्लिक स्कूल, हांसी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राममेहर देसवाल एवं प्रधानाचार्या एकता सचदेवा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने “हरे रामा, हरे कृष्णा” भजन की मनमोहक प्रस्तुति देकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके बाद विद्यार्थियों ने “कृष्ण जन्म” की सुंदर प्रस्तुति दी। कक्षा दूसरी के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने बाल कृष्ण नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने कालिया नाग, कंस वध एवं महाभारत की शानदार प्रस्तुतियां देकर भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके आदर्शों तथा धर्म और सत्य के संदेश को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरा कार्यक्रम स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों ने भी बच्चों की प्रस्तुतियों की जमकर सराहना की। उन्होंने विद्यालय द्वारा विद्यार्थियों में संस्कार एवं भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूकता पैदा करने के प्रयासों की प्रशंसा की।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या एकता सचदेवा ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से हमें सत्य, धर्म और कर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों से श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया।

